–    अनुराधा नागराज

    चेन्नई, 31 जुलाई (थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन) – दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा परिधान उत्पादक देश बांग्लादेश संपूर्ण परिधान उद्योग में शोषण रोकने और आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता लाने के लिये पहली बार डिजिटल नक्‍शा तैयार करेगा।

       शनिवार को इस परियोजना का शुभारम्‍भ करने वाले एक निर्माता एसोसिएशन ने कहा कि नक्‍शा तैयार करने की परियोजना से पूरे बांग्लादेश के कारखानों से “विश्वसनीय, व्यापक और सही आंकड़े” एकत्र किये जायेंगे जो ऑनलाइन नक्‍शे के रूप में सबके लिये उपलब्‍ध होंगे।

      सालाना 28 अरब डॉलर का कारोबार करने और 40 लाख लोगों को रोजगार देने वाला बांग्लादेश का परिधान क्षेत्र 2013 में आठ मंजिला राना प्लाजा कारखाना परिसर के गिरने के बाद से जांच के घेरे में है। उस दुर्घटना में 1,100 कर्मचारियों की मौत हो गई थी।

    इस महीने के शुरू में एक परिधान कारखाने में हुये बॉयलर विस्फोट में 10 श्रमिकों की मौत से फिर अधिक पारदर्शिता और श्रम कानूनों के कार्यान्वयन की मांग उठी है।

      बांग्लादेश परिधान निर्माता और निर्यातक संघ के अध्यक्ष सिद्दीकुर रहमान ने एक बयान में कहा, “हमारा मानना है कि इस परियोजना से सकारात्मक बदलाव के लिए श्रमिक, कारखाना प्राधिकारी, कंपनियां, सरकार और सिविल सोसायटी संगठन सहित उद्योग के सभी हितधारक सशक्त बनेंगे।”

    रहमान ने कहा, “पारदर्शिता की यह पहल अधिक प्रतिकूल आपूर्ति श्रृंखलाओं में पारदर्शिता लाने के हमारे प्रयासों के लिये महत्वपूर्ण होगी।”

     अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं में काम करने के माहौल में सुधार नहीं करने के लिए कार्यकर्ताओं ने कई खुदरा विक्रेताओं की आलोचना की है। परिधान कर्मियों से लंबे समय तक काम करवाना, कम वेतन, खराब सुरक्षा मानक और ट्रेड यूनियन बनाने की अनुमति नहीं देना आम शिकायतें हैं।

      कार्यकर्ताओं का कहना है कि उप-अनुबंधित आपूर्तिकर्ताओं को ढूंढना सबसे बड़ी चुनौती है, क्‍योंकि कई बड़े निर्माता अपनी आपूर्ति श्रृंखला के निचले स्‍तर के बारे में पारदर्शी नहीं हैं।

     परियोजना प्रमुख प्रवीण एस हुदा ने कहा कि डिजिटल नक्‍शा बनाने की परियोजना इसे बदलने के प्रयासों का हिस्सा है।

      हुदा ने एक बयान में कहा, “सूचित निर्णय के माध्यम से नक्‍शा बनाने की परियोजना से बांग्लादेश के परिधान उद्योग की प्रगति को बढ़ावा, साझा जिम्मेदारी, जिम्मेदार सोर्सिंग, सामूहिक कार्रवाई और पहले से मौजूद सुधार प्रयासों को प्रोत्‍साहन मिलेगा।”

     नक्शे में नाम, स्थान, श्रमिकों की संख्या, उत्पाद प्रकार, निर्यात देश, प्रमाणपत्र और ग्राहक कंपनी सहित कारखानों के उद्योग-वार विस्‍तृत आंकड़ें उपलब्‍ध कराये जायेंगे।

      ताजा और सटीक जानकारी सुनिश्चित करने के लिये जनता ही जानकारी का सत्‍यापन करेगी।

     पहला सार्वजनिक नक्‍शा 2018 में ढाका क्षेत्र में उपलब्‍ध कराया जायेगा। उम्मीद है कि 20 बांग्लादेशी परिधान उत्पादक जिलों को दर्शानेवाले नक्‍शे का अंतिम संस्करण 2021 तक तैयार होगा।

(रिपोर्टिंग- अनुराधा नागराज, संपादन- रोस रसल; कृपया थॉमसन रॉयटर्स की धर्मार्थ शाखा, थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन को श्रेय दें, जो मानवीय समाचार, महिलाओं के अधिकार, तस्करी, भ्रष्टाचार और जलवायु परिवर्तन को कवर करती है। देखें news.trust.org)

Topics
Labour Exploitation