अनुराधा नागराज
चेन्नई, 20 दिसम्बर (थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन) – कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक पुलिस ने एक स्कूली छात्रा का बाल विवाह होने से बचा लिया है। जब उस छात्रा को पता चला कि उसका विवाह एक बड़ी उम्र के पुरूष से होने वाला है तो उसने पुलिस को मदद के लिये बुलाया था। इस मामले के उजागर होने से इस क्षेत्र में बच्चों की तस्करी के खतरे के बारे में पता चलता है।
एक असामान्य घटना में कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में अपने गांव में विवाह से पहले शुरू हुये कार्यक्रमों के एक दिन बाद 15 वर्ष की छात्रा ने पुलिस को फोन कर मदद करने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में 26 वर्षीय भावी दूल्हे सहित गुजरात के आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भारत में लड़कियों के विवाह की कानूनी उम्र 18 और लड़कों की 21 वर्ष है। लेकिन कई परिवार लड़कियों को वित्तीय बोझ समझते हैं और लड़कियों के माता-पिता 18 साल की होने से पहले ही उनकी शादी कर देते हैं।
बच्चों के हित के लिये कार्य करने वाली धर्मार्थ संस्थाओं का कहना है कि दुल्हन की तलाश में गुजरात से अधिक लड़के कर्नाटक आ रहे हैं और एक लाख रुपये तथा शादी का खर्च वहन कर वे यहां की लड़कियों से विवाह कर रहे हैं।
बच्चों के शोषण की शिकायत दर्ज करने के लिये हेल्पलाइन चलाने वाली धर्मार्थ संस्था- मार्गदर्शी सोसायटी के आनंद राज ने कहा, “गुजरात में असमान लिंगानुपात है और वहां लड़कियां उपलब्ध न होने के कारण बड़ी उम्र के कई पुरुष कर्नाटक शादी करने के लिए आते हैं।”
“लेकिन वे केवल 18 साल से कम उम्र की लड़कियां ही चाहते हैं, जिसके कारण तस्करी की आशंका बढ़ जाती है।”
छात्रा के मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने कहा कि गुजराती परिवार यहां आ कर सौदा करते हैं और शादी करके दो दिन में वापस अपने घर चले जाते हैं।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी सी वी रमन ने थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन को बताया, “इस मामले की जांच से पता चला है कि गुजरात का एक परिवार यहां आया और उन्होंने दो स्थानीय निवासियों से कहा कि उन्हें 16 दिसंबर को एक दुल्हन चाहिये।”
“अगर छात्रा ने फोन नहीं किया होता तो 17 दिसंबर तक शादी समारोह अच्छी तरह से हो रहे होते और रविवार को यह विवाह सम्पन्न भी हो जाता।”
धर्मार्थ संस्था-चाइल्ड राइट्स ट्रस्ट के नागासिम्हा जी. राव ने कहा कि इस तरह के मामले “शादी के नाम पर तस्करी” के स्पष्ट उदाहरण हैं।
राव ने कहा, “उत्तरी कर्नाटक अन्य राज्यों के लिए कुंवारी दुल्हन तलाशने का अड्डा बन गया है। यहां तक कि लड़कियों के परिजन भी एक समय के बाद उनकी खैर खबर लेना छोड़ देते हैं।”
संयुक्त राष्ट्र की बाल अधिकार एजेंसी- यूनिसेफ का अनुमान है कि भारत में 47 प्रतिशत लड़कियों की शादी 18 साल की उम्र से पहले हो जाती है और शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह अधिक प्रचलित है।
राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल भारत में बाल विवाह निषेध कानून के तहत लगभग 300 मामले दर्ज किये गये थे। पहली बार बच्चों की तस्करी के भी 221 मामले दर्ज किए गये।
(रिपोर्टिंग- अनुराधा नागराज, संपादन- केटी नुएन; कृपया थॉमसन रॉयटर्स की धर्मार्थ शाखा, थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन को श्रेय दें, जो मानवीय समाचार, महिलाओं के अधिकार, तस्करी, भ्रष्टाचार और जलवायु परिवर्तन को कवर करती है। देखें news.trust.org)